देहरादून ,
उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रेमनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ प्रश्न साझा कर परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल में दावा किया गया कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों को भेजे गए थे।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा संपन्न होने के बाद इन प्रश्नों का वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलान कराया, जिसमें काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप ग्रुप पर परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे।
जांच में सामने आया कि आशीष कुमार गुप्ता ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता का उल्लंघन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेमनगर पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही, इस पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्त आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष) मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था।