देहरादून/चकराता,
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं लाभान्वित होने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों की योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। वहीं, तीसरे दिन कैंट इंटर कॉलेज के छात्रों ने जौनसारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
दूसरे दिन की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी प्रमुख योजनाओं और लाभार्थी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर एवं सीनियर वर्ग तथा कैंट इंटर कॉलेज के विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता (जौनसार पब्लिक स्कूल) के परिणाम:
- जूनियर वर्ग: प्रथम – नमस्वी तोमर, द्वितीय – अर्पित रंजन, तृतीय – एना तोमर।
- सीनियर वर्ग: प्रथम – शम्भवी, द्वितीय – अरैना चांदना, तृतीय – ईशांत नेगी।
‘विकसित भारत’ विषयक प्रतियोगिताओं के परिणाम (कैंट इंटर कॉलेज):
- चित्रकला: प्रथम – नाव्या, द्वितीय – प्रिन्सी, तृतीय – कृष।
- भाषण: प्रथम – गरिमा, द्वितीय – आराध्य तोमर, तृतीय – सोनाक्षी वर्मा।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।