रायवाला में 500 किलो कथित गौमांस के साथ तस्कर गिरफ्तार, सप्लाई में प्रयुक्त वैन सीज

देहरादून ,

दून पुलिस ने गौमांस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायवाला क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 500 किलोग्राम कथित गौमांस बरामद किया है। बरामद मांस को बिजनौर से देहरादून लाया जा रहा था। मामले में प्रयुक्त वैन को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, रायवाला थाना पुलिस नेपाली फार्म तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर हरिद्वार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार वैन (यूके-08-टीबी-2584) को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन नहीं रोका और छिद्दरवाला की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके दौरान वैन आगे चल रहे एक ट्रक से टकरा गई और चालक वाहन में फंस गया।

पुलिस ने चालक का रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 10 कट्टों से करीब 500 किलोग्राम कथित गौमांस बरामद हुआ।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद अमन (23 वर्ष) निवासी कार्गी चौक, पटेलनगर, देहरादून बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह मांस बिजनौर के शाननपुर निवासी एक व्यक्ति से लेकर देहरादून के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि उसके दो अन्य साथी मोटरसाइकिल से उसके पीछे-पीछे चल रहे थे, जो पुलिस कार्रवाई देखकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बरामद मांस की जांच के लिए पशु चिकित्साधिकारी ऋषिकेश को बुलाया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षण में त्वचा, खुर और अन्य शारीरिक अवशेषों के आधार पर बरामद मांस गौवंशीय होने की पुष्टि की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। मामले में बरामद मांस को अंतिम वैज्ञानिक परीक्षण और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रखा गया है।

बरामदगी:

  • लगभग 500 किलोग्राम कथित गौवंशीय मांस
  • तस्करी में प्रयुक्त वैन (यूके-08-टीबी-2584) सीज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *