भारी बारिश का रेड अलर्ट: देहरादून समेत 7 जिलों में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

देहरादून ,

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटे के लिए जारी भारी से अत्यंत भारी वर्षा के रेड/ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है। देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल जिलों में सोमवार, 20 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

यह आदेश संबंधित जिलाधिकारियों एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्षों द्वारा जारी किया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 19 जुलाई को जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने कहा कि खराब मौसम के कारण आकस्मिक घटनाओं की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के तहत संबंधित सातों जिलों के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 20 जुलाई को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए सतर्क और सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *