रायपुर में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 491 मरीजों को मिला उपचार

देहरादून ,

सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रायपुर में 13 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि रावत, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्दू पाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मन्जू रावत, फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक उमेश सिसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

विधायक उमेश शर्मा काऊ ने स्वास्थ्य विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से शिविर में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के पहले दिन विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 491 मरीजों का निःशुल्क परीक्षण एवं उपचार किया। इनमें सबसे अधिक 119 मरीजों का उपचार स्त्री रोग विभाग में किया गया। इसके अलावा फिजिशियन ने 84, सामान्य शल्य चिकित्सक ने 64, अस्थि रोग विशेषज्ञ ने 55, नेत्र विशेषज्ञ ने 41, बाल रोग विशेषज्ञ ने 38, दंत चिकित्सक ने 27 तथा ईएनटी विशेषज्ञ ने 21 मरीजों को चिकित्सा परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

शिविर में उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। 43 लोगों की एनसीडी (NCD) स्क्रीनिंग तथा 151 लाभार्थियों की टीबी (TB) स्क्रीनिंग की गई। वहीं, हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल और आरबीएस सहित 246 पैथोलॉजी जांचें की गईं। इसके अलावा 44 एक्स-रे और 40 अल्ट्रासाउंड भी किए गए।

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत शिविर में 15 आभा आईडी (ABHA ID) और 17 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 45 लाभार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी विशेष परामर्श भी दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर 15 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। क्षेत्र के नागरिक इस अवधि में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रायपुर पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं उपचार का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *