देहरादून / डोईवाला,
सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) डोईवाला में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को डोईवाला के विधायक बृजभूषण गैरोला ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए क्षेत्रवासियों से शिविर में उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून ने भी किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पहले दिन की प्रमुख उपलब्धियां:
- सामान्य ओपीडी में 545 मरीजों (256 पुरुष एवं 289 महिलाएं) का उपचार किया गया।
- विशेषज्ञ ओपीडी में गायनी 107, फिजिशियन 126, बाल रोग 91, अस्थि रोग 83, सर्जरी 67, नेत्र 65, ईएनटी 30, दंत चिकित्सा 22 तथा आयुष ओपीडी में 67 मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
- 131 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग में 15 उच्च रक्तचाप, 15 मधुमेह तथा 2 संभावित ओरल कैंसर के मामले चिन्हित किए गए।
- 125 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 280 एबीएचए आईडी और 15 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
- प्रयोगशाला में 168 विभिन्न जांचें (एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल, हीमोग्लोबिन, आरबीएस एवं थूक जांच) की गईं।
- डायग्नोस्टिक सेवाओं के तहत 92 एक्स-रे, 80 चेस्ट एक्स-रे, 59 अल्ट्रासाउंड और 4 ईसीजी किए गए।
- इसके अतिरिक्त टीकाकरण, आरकेएसके परामर्श, परिवार नियोजन, एसटीआई/आरटीआई, निक्षय मित्र, दिव्यांगजन सहायता एवं प्लास्टर सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह तीन दिवसीय शिविर 12 जुलाई तक जारी रहेगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।