कार वर्कशॉप में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बंधक बनाने का आरोप, छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

देहरादून ,

नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित अजबपुर की एक कार वर्कशॉप में छह लोगों द्वारा कथित तौर पर घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, कर्मचारियों को बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने वर्कशॉप मैनेजर की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ऑटो हेवन कार वर्कशॉप के मैनेजर नीरज शर्मा ने शिकायत में बताया कि 29 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वह वर्कशॉप में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान सरिता चंदेल अपने दो भतीजों, जिनमें एक की पहचान कार्तिक चंदेल के रूप में हुई है, तथा तीन अन्य लोगों के साथ जबरन वर्कशॉप में घुस आईं।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि सरिता चंदेल ने फोन कर अन्य लोगों को भी मौके पर बुलाया, जिसके बाद वर्कशॉप में तोड़फोड़ की गई और सामान को नुकसान पहुंचाया गया।

एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों को धमकाया, ग्राहकों को वहां से भगा दिया और वर्कशॉप का मुख्य गेट बाहर से बंद कर कर्मचारियों को अंदर ही बंधक बना लिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गल्ले से नकदी छीन ली गई तथा हमलावरों ने मैनेजर को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को बाहर निकालकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हरपाल सिंह नामक व्यक्ति कुछ माह पहले वर्कशॉप में कार वॉशिंग का कार्य करने आया था और उसने कथित रूप से धोखे से एक फर्जी किरायानामा तैयार कराया, जिसकी मूल प्रति उसके और सरिता चंदेल के पास होने का दावा किया गया है। शिकायत में दस्तावेज बरामद करने की भी मांग की गई है।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज एफआईआर और शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों का पक्ष सामने आना शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *