उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, देहरादून पुलिस ने किया खुलासा

देहरादून ,

उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया और उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 21 जून को आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet-devil” से एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उसने दावा किया था कि 25 जून को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट किए जाएंगे। पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर देहरादून में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस एवं डिजिटल जांच के माध्यम से आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने 28 जून को हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंग सिखों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डाली थी।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों में भय पैदा करने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी भ्रामक या डर फैलाने वाली सूचना को बिना जांचे-परखे साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *