रुड़की में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण, खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं – uttarakhandawaaz.in

रुड़की में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण, खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

मुख्यमंत्री धामी ने कहा- खेल अवसंरचना से निखरेगी युवा प्रतिभा, प्रदेश में बढ़ाई जा रही हैं खेल सुविधाएं

रुड़की ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आधुनिक खेल अवसंरचना युवा प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ाने का मजबूत माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के अवसर मिल सकें।

खेलों को नई पहचान दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के शुरू होने से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स

नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में अत्याधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

यह कॉम्पलेक्स खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण शिविरों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *