उत्तराखंड अब शीतकालीन खेलों का भी बन रहा केंद्र: खेल मंत्री रेखा आर्या

हिमाद्रि आइस रिंक में 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

देहरादून,

खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को हिमाद्रि आइस रिंक पहुंचकर 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के क्षेत्र में भी देश और दुनिया के मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है।

खेल मंत्री ने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक भारत का एकमात्र और सबसे आधुनिक विश्वस्तरीय इनडोर आइस रिंक है, जो राज्य की खेल क्षमताओं को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप में देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक युवा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलंपिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन देश में आइस स्केटिंग को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड को बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम राज्य के रूप में स्थापित करेगा।

खिलाड़ियों के हितों के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। साथ ही नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्म’ नौकरी देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि खिलाड़ी आजीविका की चिंता से मुक्त होकर पूरी लगन के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकें और प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।

उत्तराखंड को स्पोर्ट्स हब बनाने का लक्ष्य

खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को पारंपरिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करना है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, सचिव जगराज साहनी, आइस स्केटिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष शिव पैन्यूली सहित विभिन्न देशों से आए निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *