श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व पर गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब में 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

ऋषिकेश / देहरादून ,
श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब परिसर में रविवार, 11 जनवरी को ट्रस्ट द्वारा आयोजित 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर की मुख्य अतिथि गंगा प्रेम हॉस्पिस की चेयरपर्सन नानी मां जी रहीं। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी चिकित्सकों से भेंट कर उनके समाजसेवी योगदान की सराहना की एवं उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर गुरूद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा जी ने मुख्य अतिथि सहित शिविर में आए सभी आगंतुकों का हार्दिक धन्यवाद एवं स्वागत किया।

बिन्द्रा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रस्ट का 14वां स्वास्थ्य शिविर है, जिसमें हृदय रोग, नेत्र रोग, ई.एन.टी., मस्तिष्क, पेट, हड्डी, दंत, स्त्री रोग, बाल रोग, नाड़ी एवं त्वचा रोगों से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा चिकित्सकों की सलाह पर ईसीजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन जैसी जांचें भी पूर्णतः निःशुल्क कराई गईं।

शिविर के लिए ट्रस्ट द्वारा 2231 से अधिक जरूरतमंदों का पंजीकरण किया गया। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रक्तदान के इच्छुक लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 45 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया।

गुरूद्वारा श्री हेमकुंट साहिब ट्रस्ट निरंतर समाज सेवा में सक्रिय है। ट्रस्ट द्वारा एम्स ऋषिकेश में प्रतिदिन लंगर सेवा भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यह सेवा गुरु महाराज की शिक्षाओं एवं मानवता के सिद्धांतों के अनुरूप एक अखंड प्रयास है।

शिविर में डॉ. के.जे.एस. सभरवाल, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. मधुर उनियाल, डॉ. एन.बी. श्रीवास्तव, डॉ. कुमार गौरव शर्मा, डॉ. देवव्रत साई, डॉ. बी.एस. जज, डॉ. नईम, डॉ. लोकेश सलूजा, डॉ. सिद्धांत खन्ना, डॉ. आसिफ खान, डॉ. ले. कर्नल मोहम्मद मुजम्मिल, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. नरेन्द्र सिंह जगपांगी, डॉ. सौरभ जैन सहित अनेक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश (एम्स), निर्मल आश्रम आई इंस्टिट्यूट, गंगा प्रेम हॉस्पिटल, अमृतसर आई क्लीनिक की टीमों तथा श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स का भी शिविर के सफल आयोजन में विशेष योगदान रहा।

ट्रस्ट की यह पहल गुरु महाराज की शिक्षाओं के अनुरूप समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता करने की दिशा में एक सराहनीय और निरंतर प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *