हेमकुंड यात्रा के सफल संचालन पर भाजपा ने जताया संतोष, जनता का किया आभार

देवभूमि की छवि खराब करने और सद्भाव बिगाड़ने की साजिशें हुईं नाकाम: महेंद्र भट्ट

देहरादून,

भाजपा ने हेमकुंड साहिब यात्रा के सफल, सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की महान संस्कृति, अतिथि देवो भवः की परंपरा और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कुछ स्वार्थी तत्वों की कोशिशें पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।

उन्होंने इसके लिए स्थानीय निवासियों, सिक्ख समाज और प्रदेशवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार और प्रशासन की सूझबूझ की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने विपक्ष के गैरजिम्मेदाराना रवैए की आलोचना की।

निहंग प्रकरण को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने कहा कि हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों और राजनीतिक दलों ने माहौल खराब करने, सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने और उत्तराखंड की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन ने गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति को संभाला, जिससे कोई बड़ा विवाद उत्पन्न नहीं हुआ। उन्होंने प्रदेश की जनता और सभी समाजों के जिम्मेदार नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके धैर्य और समझदारी से हालात जल्द सामान्य हुए।

उन्होंने कहा कि हिंदू-सिख भाईचारे की ऐतिहासिक परंपरा को कमजोर करने और उत्तराखंड की शांतिपूर्ण छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें असफल रही हैं।

राजनीतिक लाभ के लिए माहौल खराब करने का लगाया आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकरण को मुद्दा बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव और क्षेत्रीय राजनीति को ध्यान में रखते हुए कुछ तत्वों ने उत्तराखंड में सामाजिक तनाव पैदा करने की कोशिश की, लेकिन जनता की समझदारी से ऐसी कोशिशें सफल नहीं हो पाईं।

उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए राज्य में क्षेत्रवाद और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।

कांग्रेस पर भी बोला हमला

महेंद्र भट्ट ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संकट के समय कांग्रेस ने जिम्मेदार राष्ट्रीय पार्टी की भूमिका निभाने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी को प्राथमिकता दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हालात को शांत करने में सहयोग देने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की।

शांति और भाईचारे के लिए प्रतिबद्ध सरकार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की अस्मिता और सर्वधर्म समभाव की परंपरा को बनाए रखने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *