हल्द्वानी में घटी घटना के लिए भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह दोषीः करन माहरा – uttarakhandawaaz.in

हल्द्वानी में घटी घटना के लिए भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह दोषीः करन माहरा

सोची समझी रणनीति के तहत घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश का लगाया आरोप
देहरादून ,

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने हल्द्वानी में घटी घटना के लिए भाजपा की राज्य सरकार को पूरी तरह दोषी ठहराते हुए इसे सोची समझी रणनीति के तहत घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश बताते हुए घटना की कड़े शब्दों में निन्दा की है। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार के वरिष्ठ मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस पार्टी पर हल्द्वानी मामले का राजनीतिकरण करने के आरोप लगाये जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए प्रदेश का साम्प्रदायिक माहौल बिगाडने की कोशिश कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री गणेश जोशी को चुनौती देते हुए कहा कि देश में साम्प्रदायिक माहौल बिगाडने का भाजपा का इतिहास रहा है तथा यही काम भाजपा उत्तराखण्ड के शांत माहौल को बिगाड कर कर रही है। उन्होंने हल्द्वानी मामले की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से कराये जाने की मांग करते हुए कहा कि जब न्यायालय द्वारा 14 फरवरी की अंतिम तिथि निर्धारित की थी तो प्रदेश की राज्य सरकार की ऐसी कौन सी मजबूरी थी जो भाजपा सरकार को सात दिन पहले सायं के समय तोड़फोड़ की कार्रवाई करनी पडी। उन्होंने इस घटना के लिए पूरी तरह प्रदेश की राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है तथा अब लोकसभा चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव को देखते हुए प्रदेश का साम्प्रदायिक माहौल बिगाड कर जनता को भ्रमित करना चाहती है। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि उन्होंने स्वयं घटना स्थल का दौरा किया है तथा वहां पर स्थानीय लोगों से बातचीत में स्पष्ट रूप से सरकार और स्थानीय प्रशासन की विफल सामने आई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पूर्व प्रशासन द्वारा कोई सर्वे नहीं कराया गया और न ही लोकल इंटेलीजेंस द्वारा सरकार को घटना स्थल की सही स्थिति की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *