मसूरी के होम स्टे में महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

मसूरी / देहरादून ,

मसूरी के मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित टिपरीधार क्षेत्र में एक होम स्टे के कमरे में 27 वर्षीय महिला मृत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर उत्तराखंड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम कराया गया है तथा बिसरा सुरक्षित रखकर वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि कियाना होम स्टे के एक कमरे में महिला अचेत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को भी बुलाया गया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ होम स्टे में ठहरी हुई थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी स्थित होम स्टे में रुके थे।

पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और तड़के लगभग 3:30 बजे सो गए थे। सुबह उठने पर पत्नी अचेत अवस्था में मिली। पुलिस के अनुसार मृतका की नाक से रक्तस्राव हुआ था तथा शरीर से मूत्र भी निकला हुआ था।

जांच में पता चला कि दंपति का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था। दोनों निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे, जिनमें पति पुणे और मृतका गुरुग्राम में नौकरी कर रही थी। दोनों परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम के निवासी बताए गए हैं।

घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट देहरादून और कार्यपालक मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार मसूरी को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।

16 जून को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। डॉक्टरों ने मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा सुरक्षित रखा है।

मृतका के पिता पी. सुधाकर ने पुलिस को जांच के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *