देहरादून ,
आज कोतवाली नगर क्षेत्र के पलटन बाजार स्थित एक कपड़ों की दुकान के तृतीय तल पर बने गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फायर स्टेशन देहरादून की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स के तृतीय तल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इसके लिए वेल्डिंग का काम करने वाले कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान तृतीय तल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक आग लग गई।
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा कपड़ों का पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों और भवनों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा आग से हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर वेल्डिंग कार्य के दौरान निकली चिंगारी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।