मुख्यमंत्री धामी ने मसूरी विधानसभा को दी 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पुरुकुल में किया लोकार्पण और शिलान्यास

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजधानी की महत्वपूर्ण मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल गांव में लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी विकास परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों के क्षेत्र में उत्तराखंड अपनी अलग पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी पर्यटन और ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ की बात होती है तो पहाड़ों की रानी मसूरी का नाम सबसे पहले आता है। यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर मुख्य सड़क का उच्चीकरण भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ सुरक्षा के दृष्टिगत सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई में सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा न्यू कैंट रोड (कारगिल शहीद मेख गुरुंग मार्ग) क्षेत्र में भी सुरक्षात्मक निर्माण कार्य संचालित हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के साथ ही दंगों के दौरान सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही क्षतिपूर्ति वसूलने का कानून बनाकर कानून के राज को मजबूत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड तथा सौर स्वरोजगार योजना जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बने।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *