युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी

रुड़की में ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में सीएम ने युवाओं से किया सीधा संवाद, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार पर दिया जोर

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं नवाचार विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का मजबूत स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का माध्यम बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े, बल्कि उन्हें अपने ही प्रदेश में रोजगार, उद्यम और नवाचार के पर्याप्त अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी पहलें प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।

33 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों के निर्माण और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे रोजगार और निवेश के अवसर बढ़े हैं।

युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, नवाचार को अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक युवा के सपनों को पूरा करने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड का युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सोशल मीडिया अफवाहों पर होगी सख्त कार्रवाई

कार्यक्रम में युवाओं ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर सवाल किए। रिया वंदना ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर सरकार की कार्ययोजना पर प्रश्न किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का प्रभावी माध्यम है, लेकिन इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए साइबर सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

2027 कुंभ मेले की तैयारियों पर भी चर्चा

सोनालिका द्वारा वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण एवं विस्तार तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक योजनाएं बनाई जा रही हैं। कुंभ के दौरान आधुनिक तकनीक, ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी व्यवस्था का उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *