कुंभ से पहले एनएच परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मेलाधिकारी सोनिका ने एनएचएआई अधिकारियों को दिए सख्त आदेश

हरिद्वार ,

आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ क्षेत्र में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।

एचआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यस्थलों पर संसाधनों की संख्या बढ़ाने और निर्माण सामग्री के परिवहन के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।

प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग और हरिद्वार क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों सहित एनएचएआई की अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण हरिद्वार को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

कांवड़ यात्रा और कुंभ को लेकर विशेष निर्देश

मेलाधिकारी ने जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र में चल रहे एनएच परियोजना कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की वजह से कांवड़ यात्रा या कुंभ मेले के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अब कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा और सौंदर्यीकरण पर भी जोर

मेलाधिकारी ने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधार कार्य कराने, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने, सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और पैदल यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था करने को कहा।

लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी: जिलाधिकारी

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों में एनएच परियोजनाओं से जुड़े सभी सुरक्षा और यातायात प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्यों के कारण कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न होती है तो संबंधित परियोजना अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह सहित एनएचएआई और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *