देहरादून ,
थाना डालनवाला पुलिस ने बाइक लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटी गई मोटर साइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार पुत्र सतीश लाल निवासी भंडारी बाग, लक्खीबाग देहरादून ने थाना डालनवाला में तहरीर दी थी कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच कर उसकी मोटर साइकिल संख्या यूके-07-एचके-1847 लूट ली और फरार हो गए।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दिनांक 24-06-2026 को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों को आते देखा। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें टीम ने मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम कुलदीप पुत्र शंभू प्रसाद निवासी अपर आदर्श कॉलोनी, रायपुर बताया। वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक विधि विवादित किशोर पाए गए, जिन्हें पुलिस ने संरक्षण में ले लिया।
पुलिस ने अभियुक्त कुलदीप के कब्जे से घटना में लूटी गई होंडा मोटर साइकिल संख्या यूके-07-एचके-1847 बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने इस घटना को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- कुलदीप पुत्र शंभू प्रसाद, निवासी अपर आदर्श कॉलोनी, नियर 06 नंबर पुलिया रायपुर, उम्र 25 वर्ष।
- दो विधि विवादित किशोर (संरक्षण में)।
बरामदगी:
- घटना में लूटी गई होंडा मोटर साइकिल संख्या यूके-07-एचके-1847।