देहरादून ,
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और पेड़ों के संरक्षण के उद्देश्य से श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आज चार तुन के पेड़ों को लोहे के ट्री गार्ड से मुक्त किया गया। समिति के अध्यक्ष रोशन राणा ने बताया कि उनकी समिति पिछले तीन वर्षों से पेड़ों को लोहे के जाल और अन्य बाधाओं से मुक्त करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आने वाली आंधी-तूफान में सड़कों के किनारे खड़े बड़े-बड़े पेड़ अक्सर गिर जाते हैं। इसका मुख्य कारण पेड़ों का कुपोषण है। पेड़ों में बैनर-पोस्टर लगाने के लिए लोहे की कीलें ठोकना, समय पर ट्री गार्ड न हटाना तथा सड़कों के आसपास अत्यधिक सीमेंटकरण होने से पेड़ों की जड़ों तक हवा और पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे वे धीरे-धीरे कमजोर होकर सूखने लगते हैं।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समिति ने पेड़ों को ट्री गार्ड से मुक्त करने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित महेंद्रा पार्क के सामने चार पेड़ों को ट्री गार्ड से मुक्त कराया गया।
इस अवसर पर शनि मंदिर के डॉ. शुशांत राज का सानिध्य समिति को प्राप्त हुआ। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के गौरव जैन, राहुल माटा, विक्रम चौधरी, हिमांशु कोटनाला तथा अनुष्का राणा ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं।