देहरादून ,
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि 7 जून से पहले प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त कर जिला निर्वाचन कार्यालय को इसकी सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न किया जा सके।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण चरण है। जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों के 1,882 मतदान केंद्रों पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि कुछ दलों को अभी अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। जिन घरों में पहली बार भ्रमण के दौरान ताला बंद मिलेगा, वहां बीएलओ तीन बार पुनः संपर्क करेंगे। साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे।
15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
डॉ. चौहान ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जाएगी। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण होगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
80.38 प्रतिशत मतदाताओं की हो चुकी है बीपीएम पूरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 11,06,652 मतदाताओं की बीपीएम प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 80.38 प्रतिशत है।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए तथा आम नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त “बुक एंड कॉल बीएलओ” सुविधा के जरिए संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क भी किया जा सकता है। मतदाता सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।