देहरादून में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: जिला पूर्ति अधिकारी

देहरादून ,

जनपद देहरादून में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी और सघन निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार देहरादून जनपद में कुल 167 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें 72 पंप इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल), 34 भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल), 41 हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल), 10 नायरा और 10 रिलायंस के हैं। सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी प्राप्त की जा रही है। 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल और 2074 किलोलीटर डीजल का भंडार उपलब्ध है, जो वर्तमान मांग के अनुरूप पर्याप्त है।

के.के. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कहीं भी बाधित नहीं हुई है और सभी पंपों को निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने जनता से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि आम नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और जनपद में ईंधन आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *