देहरादून,
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देहरादून के अंतर्गत संचालित जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा छावनी बोर्ड परिषद क्लेमेनटाउन में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सफाई निरीक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को तंबाकू उत्पादों के सेवन से शरीर एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू कंपनियों द्वारा आकर्षक विज्ञापनों और भ्रामक प्रचार के माध्यम से युवाओं को तंबाकू की लत लगाने की रणनीतियों से आगाह किया गया।
इस वर्ष की विश्व तंबाकू निषेध दिवस थीम “तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीति को उजागर करना” पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू उत्पाद न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू कंपनियां किशोरों, बच्चों और युवाओं को नए उपभोक्ता बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के विज्ञापनों और आकर्षक दावों का सहारा लेती हैं, जिनसे सावधान रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली बीमारियों एवं अन्य दुष्परिणामों की जानकारी दी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी उपस्थित जनसमूह को रोचक तरीके से तंबाकू निषेध का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं सीईओ प्रतिनिधि द्वारा तंबाकू नियंत्रण एवं कोटपा अधिनियम-2003 के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, थाना प्रभारी मोहन सिंह, शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य ललित किशोर शर्मा, दून इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य, छावनी परिषद के सफाई निरीक्षक सोनू लाला एवं अमित कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता ताजबर सिंह भंडारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान छावनी बोर्ड परिषद क्लेमेनटाउन को कोटपा अधिनियम-2003 के निर्धारित मानकों को पूरा करने पर “तंबाकू मुक्त परिषद” घोषित किया गया।
कार्यक्रम में छावनी बोर्ड परिषद से भूपेंद्र सिंह, डॉ. सुनीता कठैत एवं राम पांडे तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. निधि रावत (एसीएमओ), डॉ. अनुराधा, अर्चना उनियाल, रेखा उनियाल, अनुराग उनियाल सहित बालाजी सेवा संस्थान के अवधेश, ममता थापा और श्वेता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
