डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश
देहरादून ,
जनपद देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएं तथा मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम सावधानीपूर्वक हटाए जाएं।
बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और सुपरवाइजरों को व्यापक प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की सभी शंकाओं का समाधान किया जाए ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इसके साथ ही पटवारियों के माध्यम से भी सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्ति को भी महत्वपूर्ण बताते हुए सभी ईआरओ को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। इसी दौरान नए पोलिंग बूथों को शामिल करते हुए बूथों का अंतिम निर्धारण भी किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 14 जुलाई को मतदाता सूची का पहला ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।
देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-SIR अभियान के तहत अब तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल का 80.38 प्रतिशत है।
प्रशासन के अनुसार अब तक 47,923 मतदाता अनुपस्थित पाए गए हैं, 1,45,797 मतदाता स्थानांतरित हो चुके हैं, जबकि 33,008 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है।
जनपद के कुल 1882 मतदेय स्थलों में भारतीय जनता पार्टी ने 1836, कांग्रेस ने 1443 और CPI ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अधिकृत बीएलए-2 संबंधित बूथों पर बीएलओ के साथ समन्वय कर मतदाता सूची के परीक्षण और संशोधन कार्य में सहयोग करेंगे।
निर्वाचन विभाग ने बताया कि नागरिक ECI-Net प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता पंजीकरण और वोटर आईडी संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। “Book a Call with BLO” सुविधा के जरिए संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1950 पर भी जानकारी उपलब्ध रहेगी।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी ईआरओ, सहायक ईआरओ और पुनरीक्षण कार्य से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।