सुरकंडा देवी के पास बड़ा हादसा टला, बिजली की तारों से टकराने के बाद खेत में उतरा हेलीकॉप्टर

देहरादून ,

Surkanda Devi Temple के समीप सकलाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब केदारनाथ धाम से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर बिजली की तारों से टकराने के बाद खेत में उतर गया। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर Kedarnath से यात्रियों को लेकर Dehradun की ओर आ रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सकलाना क्षेत्र के नौगांव के पास खेत में इमरजेंसी लैंडिंग का प्रयास किया। इसी दौरान हेलीकॉप्टर बिजली की तारों की चपेट में आ गया और असंतुलित होकर खेत में उतर गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में सभी को सड़क मार्ग से देहरादून भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर क्षेत्र की घेराबंदी की। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

हादसे के बाद सकलाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय ग्रामीण इस सुरक्षित बचाव को मां सुरकंडा देवी की कृपा मान रहे हैं। गंभीर हादसे के बावजूद सभी यात्रियों का सुरक्षित बच जाना लोगों के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *