देहरादून/ऋषिकेश ,
भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अन्य मंत्रीगण उपस्थित रहे।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद उपराष्ट्रपति सीधे एम्स ऋषिकेश पहुंचे, जहां उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उनके दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर एम्स परिसर तक पूरे क्षेत्र को तीन विशेष सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। पहला जोन एयरपोर्ट क्षेत्र, दूसरा एम्स हेलीपैड और तीसरा मुख्य कार्यक्रम स्थल को बनाया गया है। तीनों जोनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रशासन के अनुसार, दौरे के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी के साथ चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।
उपराष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।