देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से आवाजाही हेतु वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आगामी चारधाम यात्रा एवं आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।