राज्यपाल से सीआईआई उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल की भेंट

निवेश, कौशल विकास और समावेशी विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून ,

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शुक्रवार को लोक भवन में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश, कौशल विकास एवं समावेशी प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत संवाद हुआ।

संवाद कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि उद्योग जगत केवल आर्थिक संपदा निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण, नवाचार, रोजगार सृजन और सामाजिक परिवर्तन का भी महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर एवं समावेशी राज्य बनाने में उद्योगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य की विकास यात्रा केवल सरकार के प्रयासों से पूरी नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत एवं समाज के बीच मजबूत सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने निजी क्षेत्र को विकास प्रक्रिया का “स्ट्रेटेजिक फोर्स मल्टीप्लायर” बताते हुए कहा कि निवेश, नवाचार, प्रबंधन क्षमता और तकनीकी दक्षता विकास को नई गति प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए सरकार, उद्योग, शिक्षा संस्थानों एवं प्रशासन के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। राज्यपाल ने बताया कि आगामी बैठक में उद्योग, शिक्षा जगत एवं प्रशासन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर राज्य के विकास हेतु ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक के दौरान सीआईआई उत्तराखण्ड के सदस्यों ने औद्योगिक विकास, कौशल उन्नयन, निवेश संवर्धन तथा रोजगार सृजन से संबंधित विभिन्न सुझाव भी राज्यपाल के समक्ष रखे।

इस अवसर पर संजय अग्रवाल सहित सीआईआई के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *