हरिद्वार ,
Haridwar में आगामी Kumbh Mela 2027 की तैयारियों को लेकर मेला अधिकारी Sonika ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मेला अधिकारी ने कहा कि वर्षाकाल या अन्य अपरिहार्य कारणों से जो कार्य समय पर पूरे होना संभव नहीं हैं, उन्हें विभाग तत्काल वापस लें, ताकि जरूरी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला से जुड़े सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति योजनाओं, विद्युतीकरण, आंतरिक मार्गों और चौराहों के सुधार कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में देरी या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महाआयोजन है। इसलिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
कम प्रगति वाले विभागों को चेतावनी
बैठक में कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए धीमी गति से काम कर रहे विभागों को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई गई, उनके लिए योजनाओं की दूसरी किश्त समय पर जारी करने के निर्देश वित्त नियंत्रक को दिए गए।
रेलवे और बस स्टेशनों का होगा सौंदर्यीकरण
मेला अधिकारी ने रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण तथा अस्थायी बस अड्डों के निर्माण की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कुंभ क्षेत्र के सभी रेलवे और बस स्टेशनों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि सभी स्टेशनों का स्वरूप एक समान और आकर्षक दिखाई देना चाहिए। इसके लिए एचआरडीए के वास्तुविद के माध्यम से एक समान मॉडल डिजाइन तैयार कराया जाएगा।
बैठक में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।