डॉ. धन सिंह रावत ने सहकारिता क्षेत्र में बड़े सुधारों का खाका तैयार करने के दिए निर्देश

देहरादून ,

राज्य में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए व्यापक सुधारों की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक में तीन नए जिला सहकारी बैंक खोलने और 50 नई शाखाएं स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को भारतीय रिजर्व बैंक को जल्द प्रस्ताव भेजने को कहा। प्रस्तावित नए जिला सहकारी बैंक बागेश्वर, चंपावत और रुद्रप्रयाग में खोले जाएंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए राज्यभर में 50 नई शाखाएं खोली जाएं और मौजूदा शाखाओं की सेवा गुणवत्ता में भी सुधार किया जाए। जिला सहकारी बैंकों के पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान लक्ष्यों की प्राप्ति न होने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई और कार्यप्रणाली को अधिक परिणामोन्मुखी बनाने को कहा।

बैठक में एक अहम निर्णय यह भी लिया गया कि इफको टोकियो के माध्यम से जिला और राज्य सहकारी बैंकों के कर्मचारियों का बीमा कराया जाएगा, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के कंप्यूटरीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाई जा सके। साथ ही केंद्र सरकार की सहकारिता योजनाओं को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कार्मिकों की समय पर पदोन्नति और वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इसे सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *