केहरी गांव में जाम की स्थिति, पुलिस कार्रवाई का वीडियो वायरल; जांच के आदेश

देहरादून ,

थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत केहरी गांव और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम भारी यातायात दबाव के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर उत्तराखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

मौके पर पाया गया कि एक निजी शिक्षण संस्थान के आसपास बड़ी संख्या में वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े होने के कारण यातायात बाधित हो रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों को हटवाया और सड़क को सुचारू कराया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर खड़े छात्र-छात्राओं को भी हटने के निर्देश दिए गए।

अधिकांश छात्र-छात्राओं ने पुलिस के निर्देशों का पालन किया, लेकिन कुछ युवकों द्वारा पुलिस के साथ बहस करते हुए कार्य में बाधा डालने की कोशिश की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इस पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *