हरिद्वार,
आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित एक अहम बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार यात्रा बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न कराई जाएगी।
कुंभ मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्माण कार्य, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह लिया गया कि कांवड़ मार्ग से जुड़े सभी आवश्यक निर्माण कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों, सीवरेज और अन्य निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को दो महीने के भीतर सभी अधूरे कार्य समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्रों में ट्रैफिक में बाधा बन रहे बिजली के पोल हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। घाटों और पुलों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे ताकि भारी भीड़ के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने निर्देश दिए कि सड़क किनारे निर्माण सामग्री या मलबा बिल्कुल न रखा जाए, जिससे यातायात सुचारु बना रहे।