देहरादून ,
चमोली जनपद स्थित भगवान विष्णु को समर्पित पवित्र श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट आज 23 अप्रैल को प्रातः 06:15 बजे शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की बद्रीनाथ यात्रा का विधिवत शुभारम्भ हो गया।
कपाटोद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। ढोल-नगाड़ों, आर्मी बैंड की मधुर धुनों और “जय बद्री विशाल” के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।
मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया था। प्रातःकाल मुख्य पुजारी (रावल जी), धर्माधिकारी एवं वेदपाठियों ने विशेष पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार माता लक्ष्मी को गर्भगृह से निकालकर लक्ष्मी मंदिर में विराजमान किया गया, जबकि भगवान कुबेर और उद्धव जी को गर्भगृह में स्थापित किया गया। इसके बाद भगवान बद्री विशाल की चतुर्भुज मूर्ति का अभिषेक एवं श्रृंगार किया गया।
अब आगामी छह महीनों तक श्रद्धालु भगवान बद्री विशाल के साथ उद्धव, कुबेर, नारद एवं नर-नारायण के दर्शन कर सकेंगे। मुख्य मंदिर के साथ ही परिक्रमा क्षेत्र स्थित गणेश, घटाकर्ण, आदि केदारेश्वर, आदि गुरु शंकराचार्य और माता मूर्ति मंदिर के कपाट भी खोल दिए गए हैं।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। चमोली पुलिस द्वारा मंदिर परिसर, यात्रा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर आने से पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं और दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार स्वयं मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन करने की अपील की।