एसडीआरएफ जॉलीग्रांट में 78 आर.आर. बैच के आईपीएस प्रशिक्षुओं का शैक्षणिक भ्रमण, आपदा प्रबंधन की बारीकियों से हुए अवगत

देहरादून ,

सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 78 आर.आर. बैच के 86 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों का दल अकादमी के उप निदेशक चैतन्य सिरिप्रोलु के नेतृत्व में एसडीआरएफ वाहिनी, जॉलीग्रांट, देहरादून का शैक्षणिक भ्रमण करने पहुँचा। यह कार्यक्रम दीपम सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की व्यावहारिक जानकारी दी गई। सेनानायक, एसडीआरएफ ने अधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली और संरचना से अवगत कराते हुए बताया कि आपदा की स्थिति में एसडीआरएफ किस प्रकार एनडीआरएफ, भारतीय सेना, स्थानीय पुलिस, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य संचालित करती है।

प्रशिक्षु अधिकारियों को उत्तराखंड में घटित प्रमुख आपदाओं—जैसे सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू, धाराली एवं रेणी घटनाओं—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इन आपदाओं के दौरान दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और संचार चुनौतियों के बीच किस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किए गए, इस पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

इसके साथ ही मल्टी-एजेंसी समन्वय, जोखिम आकलन, चरणबद्ध सर्चिंग, आधुनिक तकनीकों एवं उपकरणों के उपयोग तथा त्वरित निर्णय क्षमता की भूमिका को रेखांकित किया गया। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा आपदा के दौरान उपयोग में आने वाले आधुनिक उपकरणों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रशिक्षु अधिकारियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

भ्रमण के अंत में प्रशिक्षु अधिकारियों ने एसडीआरएफ कार्मिकों के समर्पण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए इसे अपने प्रशिक्षण का अत्यंत उपयोगी और यादगार अनुभव बताया।

इस अवसर पर उप सेनानायक, सहायक सेनानायक सहित एसडीआरएफ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *