संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीम

देहरादून ,

जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी Manoj Kumar Sharma के निर्देश पर विभागीय टीमें उन क्षेत्रों का भ्रमण कर रही हैं जहां हाल ही में होम डिलीवरी के मामले सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसी गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर रही हैं जिनकी प्रसव की संभावित तिथि आने वाले महीनों में है और उन्हें अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शुक्रवार को टीम ने Khurbura क्षेत्र के शिवाजी नगर, कांवली रोड, छबीलबाग, चूना भट्टा और भगत सिंह कॉलोनी में चिन्हित गर्भवती महिलाओं के घर पहुंचकर उनके पति, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की। इस दौरान उन्हें संस्थागत प्रसव के लाभ और मातृत्व स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

टीम ने परिवारों को जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, ईजा बोई योजना और खुशियों की सवारी जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और अस्पताल में प्रसव कराने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी Manoj Kumar Sharma ने बताया कि जनपद के कुछ क्षेत्रों में गृह प्रसव के मामले सामने आए हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग शुरू कर दी गई है। एक टीम दूरभाष के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों से संपर्क कर रही है, जबकि दूसरी टीम घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना है, ताकि मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिले।

अभियान के दौरान जिला आईईसी समन्वयक पूजन नेगी, ब्लॉक आशा समन्वयक पंचम बिष्ट और संगीता नवानी, एएनएम सविता बोकाडिया, आशा फैसिलिटेटर मकानी राणा, नाजमा सैफी, हरी देवी सहित कई आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *