देहरादून ,
राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में देहरादून में हुई घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मसूरी क्षेत्र-3 के उप आबकारी निरीक्षक Soban Singh Up और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक Ashok Kumar को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित तथा हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इधर मुख्य सचिव Anand Bardhan ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रोड रेज और हुड़दंग की बढ़ती घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने Dehradun शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी देहरादून को सभी थानों में पीक ऑवर में गश्त बढ़ाने के साथ डे-नाइट और मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी मजबूत करने को कहा।
इसके साथ ही बार और रेस्टोरेंट के लिए निर्धारित क्लोजिंग टाइम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि सप्ताहांत में देहरादून को पार्टी और हुड़दंगियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहर के आसपास संचालित होम-स्टे की मैपिंग कर निगरानी बढ़ाने, साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
