देहरादून ,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी पब, बार और रेस्टोरेंट मालिकों एवं संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी पब, बार या रेस्टोरेंट को निर्धारित समयावधि के बाद संचालित न किया जाए। तय समय के बाद प्रतिष्ठान खुला पाए जाने पर सीधे मुकदमा दर्ज करने के साथ-साथ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठान अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराएं और कर्मचारियों की पूरी सूची पुलिस को उपलब्ध कराएं। यदि किसी प्रतिष्ठान में आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति कार्य करता पाया गया तो संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी पब या बार में होने वाले विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को देना अनिवार्य है। यदि किसी विवाद की सूचना पुलिस को नहीं दी जाती और बाद में उससे कोई आपराधिक घटना होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को भी जिम्मेदार माना जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी प्रतिष्ठानों के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को उपलब्ध कराया जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने कहा कि अक्सर पीजी और हॉस्टल में रहने वाले छात्र देर रात तक पब-बार में रहते हैं और उसके बाद नशे की हालत में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए निर्धारित समयावधि के बाद किसी भी हालत में प्रतिष्ठान संचालित न किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि Dehradun में पब-बार और रेस्टोरेंट की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस बल सीमित है। ऐसे में सभी संचालकों से अपेक्षा है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करते हुए शहर के माहौल को बेहतर बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
