देहरादून ,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात तक खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। निर्धारित समयावधि के बाद बार संचालित करने वाले दो संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 की रात Rajpur Road क्षेत्र में एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी ऋषिकेश और एसपी विकासनगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्धारित समय के बाद प्रतिष्ठान बंद रखने और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
चेकिंग के दौरान निर्धारित समय के बाद भी ग्राहकों को शराब परोसने पर Pyramid Bar और Nukkad Bar and Restaurant के संचालकों के खिलाफ धारा 223/270 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अलावा अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया। वहीं देर रात तक बार-रेस्टोरेंट में शराब पीते मिले तीन संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पुलिस ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर देर रात हुड़दंग करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले बार-रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
