विकासनगर ,
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएम के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उमेश शर्मा मामले में कार्रवाई न करने पर मोर्चा शीघ्र ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।
नेगी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि करीब 7–8 साल पहले उत्तराखंड सरकार ने वर्तमान खानपुर विधायक उमेश शर्मा को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके पास से विदेशी मुद्रा, विदेशी शराब, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य वस्तुएं बरामद हुई थीं, जिसकी जानकारी तत्कालीन पुलिस रिपोर्ट में दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि मामले में शासन ने नवंबर 2018 में ईडी और आयकर विभाग को जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गृह विभाग ने तीन-तीन अनुस्मारक भेजे और स्वयं मोर्चा ने भी अप्रैल 2023 में कार्रवाई का आग्रह किया, परंतु विभागों ने अनदेखी की।
नेगी ने आरोप लगाया कि ईडी और आयकर विभाग सिर्फ विरोधियों पर कार्रवाई करते हैं, जबकि सत्ता के करीब व्यक्तियों पर कार्रवाई से बचते हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति जो कभी आर्थिक रूप से कमजोर था, आज अरबों-खरबों की संपत्ति का मालिक है, लेकिन जांच एजेंसियां चुप हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो मोर्चा ईडी और आयकर विभाग को कोर्ट में घसीटेगा। पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।