देहरादून में 85% मतदान केंद्रों की वीवीपैट मैपिंग पूरी, अब चलेगा सघन SVEEP अभियान

देहरादून ,

देहरादून में 85 प्रतिशत मतदान केंद्रों की वीवीपैट मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद अब जिले में सघन SVEEP (मतदाता जागरूकता) अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार प्रदेश में वीवीपैट की 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। अब अप्रैल माह में उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां मैपिंग कम हुई है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ और बूथ लेवल एजेंट को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सके।

मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक टू कॉल” सुविधा भी शुरू की गई है। इसके तहत मतदाता ECI-NET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, 17 मार्च तक विशेष अभियान के दौरान मतदाता स्वयं भी अपने विवरणों में संशोधन कर सकते हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि राजनीतिक दलों द्वारा बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए गए हैं। वर्तमान में जिले के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष 19,116 बीएलए नियुक्त किए गए हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 9276, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 9506, समाजवादी पार्टी के 217 और बहुजन समाज पार्टी के 117 बीएलए शामिल हैं।

प्रेस वार्ता में अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *