देहरादून ,
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण समिति की बैठक जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आपदा न्यूनीकरण के तहत विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में प्रस्तावित सुरक्षा कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाना रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा न्यूनीकरण से जुड़े कार्य जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रस्ताव समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में नदी तटों पर चैनलाइजेशन और ड्रेजिंग कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया। हरिपुर कालसी क्षेत्र में मुगना नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु घाट निर्माण, चैनलाइजेशन और अन्य संरचनात्मक कार्यों को स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा कालसी–चकराता मार्ग पर जर्जर स्थानों पर क्रेट वायर और लैंडस्लाइड जोन में सुधार कार्य किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर झुमना क्षेत्र में नदी प्रवाह को नियंत्रित करने, कटाव रोकने और एबटमेंट निर्माण जैसे कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की गई है, जिसे स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्वीकृतियाँ प्रदान की जाएंगी।
अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपदा से होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सके।
