देहरादून में सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर भव्य कार्यक्रम की तैयारी, परेड ग्राउंड में होगा मुख्य आयोजन – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर भव्य कार्यक्रम की तैयारी, परेड ग्राउंड में होगा मुख्य आयोजन

देहरादून ,

देहरादून में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद सहित पूरे प्रदेश में विधानसभावार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान तिब्बती मार्केट ऑटोमेटेड पार्किंग, कैब सेवा और आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का लोकार्पण व अनावरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि आम जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। कार्यक्रमों के लिए विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और महिलाओं के लिए विशेष जांच स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के लिए प्रमाण पत्र जारी करने और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा विद्युत, जल संस्थान, पूर्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस को भी अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए, जिसमें बिजली, पानी, सफाई, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *