देहरादून ,
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त और ठोस कदम उठाने का फैसला किया है। सड़कों के किनारे अव्यवस्थित पार्किंग को जाम का मुख्य कारण मानते हुए नई ट्रैफिक योजना लागू की जा रही है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, महानगरों की तर्ज पर जनपद में 6 ट्रैफिक पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें से 4 देहरादून शहर में, एक विकासनगर और एक ऋषिकेश में बनाया जाएगा।
हर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन की जिम्मेदारी संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दी जाएगी, जो अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय करने और चालान सहित ट्रैफिक से जुड़े मामलों का निस्तारण करेगा।
प्रशासन ने माना है कि गलत तरीके से सड़क किनारे खड़े वाहन जाम की बड़ी वजह हैं। इस पर नियंत्रण के लिए टोइंग क्रेन की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में 9 टोइंग वाहन हैं, जिन्हें बढ़ाकर 20 किया जाएगा, ताकि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी के मुताबिक, पिछले एक महीने में ट्रैफिक व्यवस्था का गहन अध्ययन करने के बाद यह योजना तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य शहर में यातायात को सुचारू बनाना और जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
उधम सिंह नगर में अलर्ट, त्योहारों को लेकर सुरक्षा कड़ी
वहीं, उधम सिंह नगर के काशीपुर में आगामी ईद, चैत्र नवरात्रि और चैती मेले को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जनता में विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
