दून पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पति निकला महिला का हत्यारा – uttarakhandawaaz.in

दून पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, पति निकला महिला का हत्यारा

देहरादून ,

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात महिला के शव मिलने की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझा लिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में महिला के पहले पति को ही हत्यारा पाया गया है।

11 मार्च 2026 को मॉडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास जंगल में एक सफेद कट्टे में महिला का शव बरामद हुआ था। शव करीब 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खुद वादी बनकर जांच शुरू की और महिला की पहचान के लिए 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान 5000 से ज्यादा लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक निर्माणाधीन साइट पर काम करने वाला मजदूर रंजीत शर्मा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा था, लेकिन होली के बाद से उसकी पत्नी दिखाई नहीं दे रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने रंजीत को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने शव को कट्टे में डालकर चार दिन तक कमरे में छिपाए रखा और बाद में मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

जांच में सामने आया कि रूपा कुछ समय पहले अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस रंजीत के पास आई थी और उस पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का सफल खुलासा करने पर पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *