देहरादून,
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने रविवार को राजधानी देहरादून स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम (ओएनजीसी) में आयोजित 30वें विरासत आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल का शुभारंभ किया।
महोत्सव की शुरुआत पद्मविभूषण सरोद सम्राट उस्ताद अमजद अली खान की प्रस्तुति से हुई। 15 दिन चलने वाले इस महोत्सव में श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और बेलारूस सहित भारत और विदेशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि “संस्कृति ही राष्ट्र की आत्मा है” और विरासत महोत्सव तीन दशकों से भारत की विविधता और परंपराओं को जीवंत करता आ रहा है। उन्होंने इसे केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की जीवंत धरोहरों—मेले, त्योहार, लोकगीत और लोकनृत्यों—का उत्सव बताया।
उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी जब अपनी संस्कृति को आत्मसात करती है, तभी वह आत्मविश्वास के साथ विश्व मंच पर खड़ी हो सकती है।
राज्यपाल ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल “निशंक”, रीच संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।