देहरादून ,
आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध श्री झण्डे जी मेला की तैयारियों के साथ श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। गुरुवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा कर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया।
होली पर्व के उपरांत दरबार साहिब की रौनक और भी बढ़ गई है। देश-विदेश से पहुंच रही संगतों के कारण पूरा परिसर भक्ति भाव से सराबोर है। “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय जयकार” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा है।
दरबार साहिब परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मेला बाजार में दुकानदार उत्साह के साथ अपनी दुकानों को सजा रहे हैं, वहीं आकर्षक झूले भी अंतिम रूप में तैयार हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखण्ड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। मेला समिति के अनुसार, पवित्र श्री झण्डे जी के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह ऐतिहासिक महापर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के अवसर पर सम्पन्न होगा।
गुरुवार को दैनिक पूजा-अर्चना के पश्चात श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए और राज्यवासियों एवं देशवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन समिति को मेले की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
मेला आयोजन समिति द्वारा लंगर हॉल में विशेष प्रबंध किए गए हैं। वर्तमान में तीन बड़े लंगर निरंतर संचालित हो रहे हैं। सुरक्षा के लिए 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चिकित्सा सुविधा हेतु श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीम मेला अस्पताल में उपलब्ध रहेगी तथा दो एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। अग्नि सुरक्षा के लिए 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 35 वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड एवं लगभग 500 स्वयंसेवक मेले की व्यवस्था संभालेंगे।
शुक्रवार 6 मार्च 2026 को एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दण्ड को कंधों पर उठाकर दरबार साहिब तक लाएंगी। प्रातः 7:30 बजे यह पावन यात्रा प्रारंभ होगी, जो टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर और लाल पुल चौक से होते हुए मातावाला बाग मार्ग के जरिए दरबार साहिब पहुंचेगी।
इस ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहले ही पहुंच चुके हैं। भक्ति और उत्सव के इस माहौल में श्री झण्डे जी मेले की रौनक दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।