देहरादून ,
देहरादून में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग या अराजकता फैलाने वाले सीधे सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।
पुलिस द्वारा पूर्व में होली के दौरान हुए विवादों का परीक्षण कर संभावित अराजक तत्वों को चिन्हित किया गया है। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म के संभ्रांत नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हुड़दंग की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
जनपद को सुपर जोन, जोन और सेक्टर में बांटा गया
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे जनपद को 3 सुपर जोन, 8 जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है।
-
सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी
-
जोन में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी
-
सेक्टर में थाना प्रभारी
-
सब-सेक्टर में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं।
सभी क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियों और स्टेटिक फोर्स की तैनाती की गई है, जो लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। त्वरित प्रतिक्रिया के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में पीसीआर वाहन भी सक्रिय रहेंगे।
सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी
पुलिस द्वारा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। भ्रामक खबरें, विवादित पोस्ट या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निर्धारित स्थानों पर ही होगा होलिका दहन
जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले होलिका दहन कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों से समन्वय स्थापित किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम केवल निर्धारित स्थलों पर ही आयोजित करें और कोई नई परंपरा शुरू न करें।
आमजन से अपील
पुलिस ने अपील की है कि होली का पर्व परिवार और समाज के साथ हर्षोल्लास से मनाएं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा न हो। हुड़दंग या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
