देहरादून ,
देहरादून में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, आर्थिक सहायता, फीस माफी और उपचार संबंधी कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
एचडीसी कॉलोनी में धंसे सीवर, टूटी सड़क पर डीएम सख्त
एचडीसी कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय एल.एन. नौटियाल ने क्षेत्र में सीवर चैंबर धंसने, सड़क क्षतिग्रस्त होने और जलभराव की समस्या उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा। जनसुनवाई में अनुपस्थित पाए जाने पर उनके एक दिन के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एडीएम को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
न्यायालय आदेश के बावजूद घर खाली न करने पर रिपोर्ट तलब
मोथरोवाला निवासी बुजुर्ग दंपत्ति ने शिकायत की कि न्यायालय आदेश के बावजूद उनके घर में रह रहे लोग मकान खाली नहीं कर रहे और उत्पीड़न कर रहे हैं। डीएम ने एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सीनियर सिटीजन एक्ट में होगी कार्रवाई
राजीव नगर और डोईवाला से आई बुजुर्ग महिलाओं की शिकायतों पर, जिनमें पुत्र द्वारा उत्पीड़न और संपत्ति हड़पने के प्रयास शामिल थे, जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ‘सीनियर सिटीजन एक्ट’ के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए ‘सारथी वाहन’ की व्यवस्था भी कराई गई।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर मौके पर जांच के आदेश
अजबपुर कलां और तिपरपुर परगना से आई अवैध कब्जे की शिकायतों पर डीएम ने तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
घायल बेटे के इलाज में प्रशासन की पहल
लख्खीबाग निवासी मौ. यासीन ने आर्थिक तंगी के चलते पुत्र की फीस माफी की गुहार लगाई, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक समन्वय के निर्देश दिए गए।
वहीं, वाहन दुर्घटना में घायल युवक के उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड काम न करने की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसी दिन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मोहकमपुर-नेहरूग्राम में जर्जर सड़क और अतिक्रमण पर 10 मार्च तक रिपोर्ट
मोहकमपुर जन कल्याण समिति ने जर्जर सड़कों, झुके विद्युत पोल, झूलती तारों, फ्लाईओवर के नीचे गंदगी और अतिक्रमण की समस्या उठाई। डीएम ने लोक निर्माण विभाग को 10 मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पर 15 मार्च तक आख्या
केदारपुरम कॉलोनी स्थित चक डांडा लखौंड क्षेत्र में सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को राजस्व अभिलेखों की जांच कर 15 मार्च तक स्पष्ट रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
देहरादून-डोईवाला परिवहन सेवा पर स्मार्ट सिटी से जवाब तलब
डोईवाला सहित भानियावाला, रानी पोखरी और भोगपुर तक स्मार्ट सिटी अथवा इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्रबंधन से 17 मार्च तक कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, विभिन्न एसडीएम एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर आमजन को शीघ्र राहत पहुंचाई जाए।
