एसएसपी देहरादून ने पलटन बाजार का किया पैदल भ्रमण, पुलिस व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देहरादून  ,

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने 20 फरवरी 2026 को घंटाघर, पलटन बाजार और आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर पुलिस एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे पीक ऑवर्स में अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। साथ ही शाम के समय मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पैदल गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

उन्होंने बाजारों, मार्गों और फुटपाथों पर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों और बाजारों में बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *