देहरादून ,
देहरादून जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा 2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का खाका स्पष्ट किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और समर्पण का अवसर है। देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा के अनुरूप यात्रियों को सकारात्मक अनुभव दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
15 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
डीएम ने स्पष्ट किया कि धनाभाव के कारण किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो प्रस्ताव प्रस्तुत करें; जिला प्रशासन गेप फंडिंग के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराएगा। सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजीकरण व्यवस्था होगी मजबूत
पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं:
-
ऋषिकेश में 30 काउंटर
-
विकासनगर में 20 काउंटर
-
24 घंटे संचालन
-
प्रशिक्षित ऑपरेटर व पर्याप्त स्टाफ
-
मजबूत नेटवर्क व्यवस्था
-
मोबाइल पंजीकरण टीमें
-
ऑफलाइन पंजीकरण की भी पुख्ता व्यवस्था
काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड और बैठने की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रांजिट कैंपों में आधुनिक सुविधाएं
ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएंगे। यहां यात्रियों के लिए:
-
मेडिकल चेकअप
-
भोजन एवं फूड पैकेट
-
शुद्ध पेयजल
-
शौचालय व स्वच्छता
-
पार्किंग और शटल सेवा
भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी।
होटल व हेल्पलाइन नंबर होंगे सार्वजनिक
प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और यात्रा मार्गों पर होटल, धर्मशाला और आश्रमों के दूरभाष नंबर, कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं भी प्रसारित होंगी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि:
-
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें तैनात हों
-
पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध हो
-
एंबुलेंस व टेस्टिंग किट की व्यवस्था रहे
-
हेल्थ एडवाइजरी जारी की जाए
पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी और वालंटियर तैनात करने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षा और मार्गदर्शन में कोई असुविधा न हो।
वाहनों की फिटनेस अनिवार्य
परिवहन विभाग यात्रा वाहनों की फिटनेस जांच कर ग्रीन कार्ड जारी करेगा तथा ट्रिप कार्ड की वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था भी बनाए रखेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शटल सेवा संचालित की जाएगी।
सड़क, पानी और बिजली पर जोर
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्गों पर डिवाइडर, पैराफिट और प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संस्थान को वाटर एटीएम और टैंकरों से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की प्रतिबद्धता
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुखद बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित निगरानी के लिए नोडल और सेक्टर अधिकारी तैनात किए जाएंगे।